मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानसठ रोड के छात्रों द्वारा राष्ट्र की आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री अरुण खंडेलवाल, दी गुड़ खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल और मंत्री श्याम सिंह सैनी ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर किया। तिरंगा यात्रा में छात्रों ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। विद्यालय के समस्त छात्र एवं शिक्षकगण हाथों में तिरंगा झंडा एवं बैनर लेकर भारत माता के जयघोष करते हुए बड़े उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। नई मंडी क्षेत्र में जगह जगह तिरंगा यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। तिरंगा यात्रा नवीन मंडी स्थल से प्रारंभ होकर रामलीला मैदान, बिंदल वाली गली, ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज से होते हुए वापस नवीन मंडी स्थल पर समाप्त हुई। इससे पूर्व तिरंगा यात्रा के शुभ अवसर पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। सरकार के निर्देश पर हर घर तिरंगा, घर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। सभी छात्र अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि संस्कार युक्त शिक्षा राष्ट्र की उन्नति में सहायक होती है। प्रदेश सरकार द्वारा छात्रों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। छात्रों को उनका लाभ अवश्य उठाना चाहिए। प्रधानाचार्य हरिओम सहस्त्रबुद्धे ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र कुमार गर्ग, उपाध्यक्ष ललित माहेश्वरी, प्रबंध समिति सदस्य ज्ञानचंद सिंघल, सुनील गोयल, भाजपा नेता अशोक बाठला, जितेंद्र कुच्छल, सुनील तायल आदि उपस्थित रहे।